✍️ नागेंद्र माली आवाज न्यूज़
शाहगंज, जौनपुर। मेडिकल स्टोर और निजी डिस्पेंसरी संचालकों को स्वास्थ्य विभाग की टीम का सदस्य बताकर कार्रवाई की धमकी देने और अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शाहगंज पुलिस ने रविवार को नटौली गांव से आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के छतरपुर निवासी रामनिवास गौतम को गिरफ्तार किया।
मामले की शुरुआत 11 जुलाई को हुई शिकायत से हुई थी। नटौली निवासी मेडिकल स्टोर एवं डिस्पेंसरी संचालक लक्ष्मीशंकर यादव ने आरोप लगाया था कि तीन लोग स्वयं को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) की टीम का सदस्य बताकर उनकी डिस्पेंसरी को अवैध बताते हुए सील करने की धमकी देने लगे। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले 20 हजार रुपये की मांग की और बाद में भय दिखाकर तीन हजार रुपये ले लिए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों ने इसी तरीके से अन्य क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालकों को भी निशाना बनाकर धन उगाही की थी। मामले में शाहगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश पांडेय तथा आरक्षी धीरज पांडेय शामिल रहे।











