✍️ Nagendra Mali
महराजगंज क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भारत गैस और इंडेन गैस एजेंसियों के कुछ डिलीवरी बॉय सिलेंडर देने के नाम पर 20 से 25 रुपये अतिरिक्त वसूल रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि डिलीवरी कर्मी अक्सर सिलेंडर का बिल उपलब्ध नहीं कराते और अतिरिक्त राशि नकद में देने का दबाव बनाते हैं। इतना ही नहीं, कई मामलों में यूपीआई या अन्य ऑनलाइन माध्यम से भुगतान लेने से भी इनकार किया जाता है।
महराजगंज निवासी सचिन ने बताया कि भारत गैस के घरेलू सिलेंडर का निर्धारित मूल्य 1005 रुपये था, लेकिन डिलीवरी बॉय ने उनसे 1020 रुपये वसूल किए। विरोध करने पर अगली बार सिलेंडर की डिलीवरी में देरी करने की धमकी भी दी गई।
वहीं, सवंसा निवासी ललित कुमार ने भी बताया कि इंडेन गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी पर उनसे निर्धारित मूल्य से 20 से 25 रुपये अधिक लिए गए। उन्होंने इसे उपभोक्ताओं की मजबूरी बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क देय नहीं है। डिलीवरी चार्ज पहले से ही सिलेंडर की कीमत में शामिल होता है।
इस संबंध में बदलापुर के तहसील आपूर्ति अधिकारी अभिनव मिश्रा ने दूरभाष पर बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी पूरी तरह निःशुल्क है और कोई भी डिलीवरी बॉय उपभोक्ताओं से अतिरिक्त पैसा नहीं मांग सकता। उन्होंने कहा कि सभी गैस एजेंसियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। यदि किसी उपभोक्ता से अतिरिक्त वसूली की शिकायत प्राप्त होती है तो जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज/जौनपुर। घरेलू सिलेंडर पर अतिरिक्त चार्ज की हो रही वसूली, उपभोक्ता परेशान
🔊 खबर सुनें












