✍️नागेंद्र माली आवाज न्यूज़
जौनपुर।जफराबाद थाना क्षेत्र के मलहद गांव निवासी मोहम्मद हनीफ खां की शिकायत पर पुलिस ने पथरगड्डी उखाड़ने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पीड़ित मोहम्मद हनीफ खां के अनुसार, उनकी आराजी संख्या 80, 86/1 एवं 86/2 का बंटवारा उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सदर जौनपुर के न्यायालय से 13 जनवरी 2026 को हो चुका था। इसके बाद 19 मई 2026 को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पथरगड्डी की कार्रवाई की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि चकमहमूदपुर निवासी आजाद खां उर्फ मोहम्मद आजाद पुत्र मुनीर तथा मोहम्मद इस्लाम उर्फ लल्लन पुत्र इब्राहीम ने राजस्व टीम द्वारा लगाए गए सीमा-चिह्न (पत्थर) उखाड़कर फेंक दिए और निशान भी मिटा दिए। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की जांच के दौरान 10 जून 2026 को राजस्व टीम ने दोबारा मौके का निरीक्षण किया और पत्थर उखाड़े जाने के संबंध में अपनी रिपोर्ट भी प्रेषित की। इसके आधार पर जफराबाद थाने में आजाद खां उर्फ मोहम्मद आजाद और मोहम्मद इस्लाम उर्फ लल्लन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352, 351(3) एवं 326 के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जौनपुर: पथरगड्डी उखाड़ने व धमकी देने के आरोप में दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ








