नागेंद्र माली (आवाज न्यूज़) 09/06/2026
#जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रारीकला निवासी नेहा चौहान पत्नी राजन चौहान ने गांव के ही कुछ लोगों पर कुएं के पानी को प्रदूषित करने, मारपीट करने तथा आभूषण व मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
नेहा चौहान का आरोप है कि उनके घर के सामने स्थित एक कुआं उनके पूर्वजों द्वारा बनवाया गया था, जिसका उपयोग उनका परिवार वर्षों से पेयजल एवं अन्य घरेलू कार्यों के लिए करता आ रहा है। आरोप है कि गांव के राजेश चौहान, सुरेश चौहान, पिंटू चौहान, नीलम देवी, पंपा देवी, नंदिनी चौहान एवं कोमल सहित अन्य लोग लगातार कुएं में गोबर, मिट्टी व अन्य गंदगी डालकर पानी को प्रदूषित कर रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर आरोपीगण विवाद और गाली-गलौज करते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में थाना बादलपुर में शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों का शांति भंग की आशंका में चालान भी किया था। इसके बावजूद आरोपियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपीगण उनके घर में घुस आए, मारपीट की, अभद्रता की तथा उनका मोबाइल फोन और पहने हुए आभूषण छीन लिए। जब परिजनों ने इस संबंध में शिकायत की तो आरोपियों ने उन्हें भी गाली-गलौज कर भगा दिया।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बदलापुर कुएं के पानी को प्रदूषित करने व मारपीट का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
🔊 खबर सुनें






