जौनपुर (उत्तर प्रदेश): खुटहन थाना क्षेत्र के दरना गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिर जाने से उसकी चपेट में आकर चार सूअरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित पशुपालक ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से न्याय और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, दरना गांव निवासी रामचरित्तर गौतम पुत्र बोधी गौतम के सूअर रोजाना की तरह गांव के ही बाबू लाल पासवान के खेत में चर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 8:00 बजे अचानक ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से रामचरित्तर के 4 सूअरों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित ने खुटहन थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सामान्य डायरी (GD) में प्रविष्टि दर्ज की। थाना प्रभारी के निर्देश पर उप-निरीक्षक हरेन्द्र यादव, कोबरा कर्मचारी मानिन्द्र यादव और रि०का० कुलदीप शाही की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृत सूअरों के शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सक के पास भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।










