🔊 खबर सुनें
सांकेतिक चित्र
जौनपुर।जंघई क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लासा में जमीन विवाद को लेकर दबंग पड़ोसियों द्वारा एक 76 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी बहू के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम लासा निवासी 76 वर्षीय अब्दुल सत्तार (पुत्र स्व. ऊधम) ने मीरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पड़ोसी शमीम और नसीम (पुत्र अब्दुल गफ्फार) ने उनकी जमीन पर बने पिलर, शौचालय (संडास) और बाउंड्री (हाता) को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
जब बुजुर्ग अब्दुल सत्तार ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों भाई भड़क गए। आरोपियों ने गालियां देते हुए बुजुर्ग को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने आई बहू को भी पीटा
बुजुर्ग के साथ मारपीट होते देख जब उनकी बहू मदीना (पत्नी अकरम) बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंची, तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित अब्दुल सत्तार ने पुलिस को अपनी लिखित शिकायत दी। शिकायत में यह भी बताया गया है कि इस विवाद को लेकर पहले से ही एक ‘सुलहनामा’ हो रखा है, जिसकी कॉपी भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है।















