गौराबादशाहपुर और महराजगंज थाना क्षेत्रों में हुए हादसे; उपचार के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
जौनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बाइक सवार घायल हो गया। दोनों घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
पहली घटना गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र की है। पिलखुआ गांव निवासी घनश्याम (35) पुत्र श्रीनाथ बुधवार रात करीब 10 बजे बाइक से जा रहे थे। चोरसंड गांव के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में घनश्याम और दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान घनश्याम की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
दूसरी घटना महराजगंज थाना क्षेत्र के भोगीपुर गांव की है। यहां के निवासी विकास निषाद (26) पुत्र लल्लू निषाद गुरुवार दोपहर बाइक से बदलापुर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में करीब चार घंटे तक चले उपचार के बाद विकास की मौत हो गई।
दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।











