ममता बनर्जी को शुक्रवार को तब बड़ी जीत मिली और टीएमसी बाग़ी गुट को बड़ा झटका लगा जब कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष और अखरूज्जमां को मुख्य सचेतक नियुक्त करने के स्पीकर के फैसले को रद्द कर दिया। अदालत ने स्पीकर को 10 दिनों के भीतर नए सिरे से फ़ैसला लेने को कहा है। इसके साथ ही इसके पीछे के कारण भी साफ़-साफ़ बताने को कहा है।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ बोस ने बागी तृणमूल गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया था। इसी आधार पर अखरूज्जमां को विपक्ष का मुख्य सचेतक बनाया गया था। लेकिन जस्टिस कृष्णा राव की पीठ ने शुक्रवार को कहा कि स्पीकर का फैसला कानून की कसौटी पर टिकने योग्य नहीं है। यह मामला टीएमसी के ममता बनर्जी समर्थक गुट और पार्टी से अलग हुए ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट के बीच विवाद से जुड़ा है। हाईकोर्ट का फ़ैसला ममता बनर्जी के क़रीबी और वरिष्ठ टीएमसी विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय की याचिका पर आया है।
नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति का विवाद क्या?
बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को लेकर टीएमसी में विवाद शुरू हुआ। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी गुट का कहना था कि पार्टी ने वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने का फ़ैसला किया था। याचिका के मुताबिक़ 6 मई 2026 को टीएमसी मुख्यालय में पार्टी की बैठक हुई थी। इसमें क़रीब 70 नेताओं ने हिस्सा लिया था। बैठक में शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर सहमति बनी थी। इसके बाद 19 मई को पार्टी के विधायकों के हस्ताक्षर वाला प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष को भेजा गया। बैठक में शामिल विधायकों की उपस्थिति सूची भी अध्यक्ष को दी गई थी।
स्रोत: SatyaHindi – Latest



















