भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज जल्द ही हमेशा के लिए एक-दूजे के होने वाले हैं। दोनों की शादी आगामी 4 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने जा रही है।
शादी की तारीख नजदीक आते ही दोनों परिवारों में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को रिंकू सिंह के परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान रिंकू की मां बीना देवी, बहन नेहा सिंह और भाई सोनू सिंह ने मुख्यमंत्री को विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपकर उन्हें समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: गोवर्धन पूजा: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की गौ माता की पूजा
यह बहुप्रतीक्षित और हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह लखनऊ के आलीशान पांच सितारा होटल ‘रमाडा’ में आयोजित किया जाएगा। दोनों ही हस्तियां अपने-अपने क्षेत्र (खेल और राजनीति) में बड़ा नाम हैं, इसलिए इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा क्रिकेट और राजनीतिक जगत के कई बड़े दिग्गजों के शिरकत करने की संभावना है।
आपको बता दें कि इस जोड़े को अपनी शादी के लिए एक लंबा और भावुक इंतजार करना पड़ा है, क्योंकि यह शादी पहले दो बार टल चुकी है। मूल रूप से दोनों नवंबर 2025 में शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन रिंकू के व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के चलते तारीख को आगे खिसकाना पड़ा।
इसके बाद, इसी साल फरवरी 2026 में रिंकू के पिता खानचंद सिंह के आकस्मिक निधन के कारण परिवार गहरे शोक में डूब गया, जिससे शादी को एक बार फिर टालना पड़ा। अब तमाम उतार-चढ़ावों और पारिवारिक दुखों से उबरने के बाद, दोनों परिवार खुशी के इस माहौल का जश्न मनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रिंकू और प्रिया की लव स्टोरी भी बेहद दिलचस्प है, जिसकी शुरुआत कोविड-19 महामारी के दौरान हुई थी। खुद रिंकू ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्होंने पहली बार प्रिया की तस्वीर एक फैन पेज पर देखी थी और तुरंत उनकी ओर आकर्षित हो गए थे।
शुरुआत में झिझक के बावजूद, रिंकू ने हिम्मत जुटाकर प्रिया को मैसेज किया। सोशल मीडिया से शुरू हुई यह बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में तब्दील हो गई और साल 2022 आते-आते रिंकू को इस बात का पूरी तरह अहसास हो गया कि उन्हें प्रिया से प्यार हो गया है। इसके बाद, पिछले साल 8 जून को लखनऊ के ही सेंट्रम होटल में दोनों ने सगाई कर ली थी और अब आखिरकार दोनों अपने इस रिश्ते को एक नया नाम देने जा रहे हैं।
The post क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज 4 दिसंबर को बंधेंगे शादी के बंधन में, सीएम योगी को दिया गया पहला निमंत्रण appeared first on Live Today | लाइव टुडे.






