आगरा के यमुनापार इलाके के नगला मोहनलाल में एक मामूली सोशल मीडिया विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। सोमवार देर रात बेखौफ हमलावरों ने दो घरों पर ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना में एक मां-बेटे ने दरवाजे के पीछे छिपकर बामुश्किल अपनी जान बचाई। एफआईआर दर्ज होने के 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं, जिसके कारण पीड़ित परिवार खौफ के साए में जी रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कानपुर में संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने पत्नी संग मिलकर की बड़े भाई की हत्या, पुलिस की बड़ी लापरवाही आई सामने
पूरी घटना का केंद्र इंस्टाग्राम पर हुआ एक विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित सचिन ने स्पष्ट किया है कि उसका हमलावरों से कोई सीधा विवाद या रंजिश नहीं थी। दरअसल, उसके एक दूर के रिश्तेदार श्यामू यादव का इंस्टाग्राम पर आरोपियों से झगड़ा हुआ था, जिसका खामियाजा सचिन के परिवार को भुगतना पड़ा।
सीसीटीवी फुटेज में दर्ज वारदात के मुताबिक, हमलावरों ने सबसे पहले सचिन के घर को निशाना बनाया और गेट पर चार गोलियां दागीं। इनमें से एक गोली सचिन की मां शिया देवी के सिर के बेहद करीब से गुजरी। किसी तरह दोनों ने छिपकर अपनी जान बचाई। इस घटना के महज चार मिनट बाद ही, हमलावर वहां से 50 मीटर दूर स्थित श्यामू यादव के घर पहुंचे और वहां भी दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए।
एसीपी (छत्ता) श्वेता वर्मा ने आश्वस्त किया है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। दूसरी ओर, इस पूरी घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि थाने में लंबे समय से जमे कुछ सिपाहियों की आपराधिक छवि वाले युवकों से मिलीभगत है, जिसके चलते वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
The post इंस्टाग्राम विवाद में आगरा में ताबड़तोड़ फायरिंग, 36 घंटे बाद भी हमलावर फरार, परिवार में खौफ appeared first on Live Today | लाइव टुडे.







