✍️ नागेन्द्र माली पत्रकार आवाज न्यूज
जौनपुर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षिका रीनू के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने शाहगंज क्षेत्र की देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर औचक जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हलचल मच गई।
जांच के दौरान टीम ने मल्हनी, जपटापुर, जैगहां और पोरईखुर्द समेत विभिन्न स्थानों पर स्थित शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध शराब की मात्रा, बिक्री से संबंधित अभिलेख और दुकानों की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही ग्राहकों से निर्धारित कीमत पर शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही विवादों में, भगवा रंग को लेकर बीजेपी विधायक ने दी बॉयकॉट की कड़ी चेतावनी
प्रभारी निरीक्षिका रीनू ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी ग्राहक से निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा वसूलने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्टॉक और बिक्री से जुड़े सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने तथा आबकारी नियमों का पूरी तरह पालन करने को कहा।
आबकारी विभाग ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान शराब की दुकानों पर निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन, ओवररेटिंग या स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







