जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार आलमगंज मोहल्ले में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी राम सजीवन गौतम (करीब 50 वर्ष), स्वर्गीय जयराम गौतम के पुत्र थे। वह उर्दू बाजार आलमगंज निवासी धीरज सोनी के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करने के साथ घर की साफ-सफाई और आंगन में लगे पेड़-पौधों की देखभाल भी करते थे। वर्तमान में वह खोवा मंडी क्षेत्र में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह कमरे में खाना बनाते समय उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मकान मालिक धीरज सोनी के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें सुबह करीब आठ बजे फोन के माध्यम से मिली। उस समय वह मॉर्निंग वॉक के लिए शाही किले गए हुए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर डायल 112 की टीम और राज कॉलेज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील यादव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पूछताछ की और मृतक के परिजनों से भी संपर्क किया।
फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच जारी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






