जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बीएसए समीर की अध्यक्षता में हुई बैठक में खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों और पटल सहायकों को विभागीय कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निपुण भारत मिशन, स्कूल चलो अभियान, पीएम पोषण योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), ऑपरेशन कायाकल्प, यू-डायस प्लस, समर्थ कार्यक्रम और पीएम श्री विद्यालय योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, शिक्षक प्रशिक्षण, डिजिटल लाइब्रेरी, दीक्षा और आई-ड्रीम्स कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
समीक्षा बैठक में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के साथ शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निपुण लक्ष्य प्राप्त करने तथा विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विभागीय पोर्टलों पर सूचनाएं समय से अपडेट करने और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
जिला समन्वयकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित योजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, शैक्षिक गतिविधियों की गुणवत्ता पर ध्यान देने और सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर जोर
बैठक में पटल सहायकों को विभागीय अभिलेखों और पत्रावलियों को व्यवस्थित रखने तथा लंबित प्रकरणों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने की अपील
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने विभागीय योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने की आवश्यकता बताई।
बैठक का उद्देश्य जनपद में बेसिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
आवाज़ न्यूज़










