शाहगंज (जौनपुर)। तहसील परिसर शाहगंज में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेसियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शाहगंज के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रणाली की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मनमाने फैसलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में मांग की गई कि संविधान और कानून के प्रावधानों के अनुरूप मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पदमुक्त करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने उजागर किया कि द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त श्री सुखबीर सिंह संधू एवं श्री विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के निर्णयों पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं। ये आपत्तियां मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण तथा निर्वाचन सॉफ्टवेयर में बदलाव जैसे अति संवेदनशील मुद्दों से जुड़ी हुई थीं।
ज्ञापन में मांग की गई कि निर्वाचन आयोग की पूरी निर्णय प्रक्रिया, मतदाता डेटा और संबंधित सॉफ्टवेयर का पारदर्शी एवं स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए। साथ ही, यदि जांच में मुख्य निर्वाचन आयुक्त या किसी अन्य अधिकारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार, अधिकारों के दुरुपयोग या कानून के उल्लंघन के साक्ष्य प्राप्त होते हैं, तो उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा, अजय कुमार यादव, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार त्रिपाठी, दिनेश कुमार (एडवोकेट), जयप्रकाश चौहान (एडवोकेट), गुलाब चंद्र, सुभाष, लाला राम, राम कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
शाहगंज तहसील में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
🔊 खबर सुनें




