Home आवाज़ न्यूज़ Jaunpur News: पीयू के 12 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बनाई जगह

Jaunpur News: पीयू के 12 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बनाई जगह

0
🔊 खबर सुनें

स्कॉलरली इंडेक्स की प्रतिष्ठित टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में शामिल हुए 12 शिक्षक
शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता का वैश्विक सम्मान, कुलपति ने दी बधाई
✍️ नागेन्द्र माली पत्रकार आवाज न्यूज
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय परिसर के 12 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग संस्था स्कॉलरली इंडेक्स की प्रतिष्ठित टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता को वैश्विक पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि शिक्षकों के निरंतर शोध प्रयासों, अकादमिक प्रतिबद्धता और ज्ञान सृजन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण है।

स्कॉलरली इंडेक्स द्वारा जारी यह अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग शोधकर्ताओं के शोध प्रकाशनों, उद्धरणों, एच-इंडेक्स, डी-इंडेक्स तथा समग्र शोध प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर निर्धारित की जाती है। इस रैंकिंग में न केवल शोध प्रकाशनों की संख्या, बल्कि शोध की गुणवत्ता, प्रासंगिकता, प्रभावशीलता और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक जगत में उसकी स्वीकार्यता को भी महत्व दिया जाता है। ऐसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर विश्वविद्यालय के 12 शिक्षकों का स्थान प्राप्त करना संस्थान की बढ़ती शोध क्षमता, अकादमिक सक्रियता और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चयनित शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों की यह अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षकों की यह वैश्विक पहचान विद्यार्थियों एवं युवा शोधार्थियों को उत्कृष्ट शोध कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी तथा विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कुलपति ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान उसके शिक्षकों की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध उपलब्धियों और समाज के लिए किए गए ज्ञानपरक योगदान से स्थापित होती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शिक्षकों की भागीदारी विश्वविद्यालय में विकसित हो रहे सकारात्मक शोध वातावरण और अकादमिक उत्कृष्टता का परिचायक है।

स्कॉलरली इंडेक्स की प्रतिष्ठित टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में स्थान प्राप्त करने वाले शिक्षकों में प्रो. अशोक कुमार श्रीवास्तव. प्रो. राजकुमार, प्रो. संदीप कुमार सिंह, प्रो. नूपुर गोयल, डॉ. मिथिलेश यादव, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. विक्रांत भटेजा, डॉ. आशीष वर्मा, डॉ. राम नरेश यादव, डॉ. दीपक कुमार मौर्य, डॉ. राम नारायण एवं डॉ. पारुल त्रिवेदी शामिल हैं।

विश्वविद्यालय के इन शिक्षकों की उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत अकादमिक एवं शोध कौशल का सम्मान है, बल्कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक शैक्षणिक प्रतिष्ठा का भी प्रतीक है।

विज्ञापन
aawaz news india
aawaznews
aawaz news

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleयूपी की दो दर्दनाक घटनाएं: बरेली में शॉर्टकट के चक्कर में नदी में डूबने से युवक की मौत, लखनऊ में लूडो में हारने पर दोस्त की हत्या
Next articleजौनपुर: कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का डीएम ने किया सम्मान, 2028 ओलंपिक पर नजर*

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here