✍️ नागेन्द्र माली पत्रकार आवाज न्यूज
जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए उकसाने समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष बदलापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 446/26 में धारा 74, 352, 351(3) और 108 बीएनएस के तहत दीपक गौतम पुत्र भारत गौतम निवासी ऊदपुर घाटमपुर, थाना बदलापुर को वांछित बताया गया था।
पुलिस ने बताया कि सोमवार 14 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को उसरा बाजार स्थित कलिंजरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का चालान न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार गौतम और रिजर्व पुलिसकर्मी मुकेश चौरसिया शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई की जानकारी सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।








