✍️ नागेन्द्र माली पत्रकार आवाज न्यूज
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप, मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे लोहे की सरिया से हमला कर एक युवक की हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विशाल यादव (28) पुत्र स्वर्गीय जोखू यादव, निवासी तिवारीपुर, थाना लाइन बाजार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, विशाल यादव का रामदयालगंज बाजार निवासी एक व्यक्ति से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर युवक पर लोहे की सरिया से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




