पत्रकार:नागेंद्र माली
जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शादी की तैयारियों के बीच हुआ एक विवाद पूरे परिवार के लिए दुखद हादसे में बदल गया। डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, सिंगरामऊ क्षेत्र निवासी मुन्नीलाल खरवार की 33 वर्षीय पुत्री गुंजन प्रजापति की शादी वर्ष 2011 में बदलापुर थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी कमलेश प्रजापति से हुई थी। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ सूरत में रहती थीं। अपनी छोटी बहन की आगामी शादी में शामिल होने के लिए वह मायके आई थीं।
बताया जा रहा है कि घर में शादी की रस्मों की तैयारियां चल रही थीं और डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे बंद कराने को लेकर पड़ोसियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान ऊपर से फेंकी गई एक ईंट गुंजन के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल अवस्था में परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुनील चंद्र तिवारी, तहसीलदार बदलापुर तथा सिंगरामऊ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त तहरीर तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की रस्में होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।






