नागेंद्र माली (वशिष्ठपत्रकार) आवाज़ न्यूज़
जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर गांव निवासी लक्ष्मी माली (35 वर्ष) की उपचार के दौरान एक निजी अस्पताल में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका छह माह की गर्भवती थी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी माली को इलाज के लिए खुटहन क्षेत्र स्थित किरण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही और उचित उपचार न मिलने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट: नागेंद्र माली (वशिष्ठपत्रकार) आवाज़ न्यूज़,



















