

जौनपुर। खुटहन ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा खुटहन में पिछले तीन वर्षों से चला आ रहा अंडरग्राउंड ह्यूम पाइप विवाद आखिरकार सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के निर्देश और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया। सीडीओ जौनपुर के निर्देश पर बीडीओ खुटहन, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जल निकासी से जुड़ी समस्या का समाधान कराया गया, जिससे कई घरों की बंद पड़ी नाली व्यवस्था फिर से चालू हो गई।जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान द्वारा वर्ष 2023 में गांव में अंडरग्राउंड पाइपलाइन निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। अधिकांश पाइपलाइन बिछा दी गई थी, लेकिन एक व्यक्ति द्वारा अपने दरवाजे के सामने पाइप डालने का विरोध किए जाने से कार्य अधूरा रह गया था। इसके चलते कई परिवारों को लंबे समय से जलभराव और निकासी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था।मामले को लेकर गांव की ओर से सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को अवगत कराया गया। सांसद के निर्देश पर ग्राम प्रधान द्वारा 18 अप्रैल 2026 को सीडीओ जौनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा गया। इसके बाद सीडीओ ने बीडीओ खुटहन को राजस्व विभाग के साथ मिलकर मामले का समाधान निकालने का निर्देश दिया।कई दिनों तक चली जांच और बातचीत के बाद 21 मई 2026 को सुबह से शाम तक सेक्रेटरी विकास कुमार, लेखपाल, पुलिसकर्मी और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में विवाद का समाधान कराया गया। अधिकारियों की समझाइश और प्रयासों के बाद आखिरकार पाइपलाइन का कार्य पूरा कराया गया और जल निकासी व्यवस्था बहाल हो सकी।ग्रामवासियों और ग्राम प्रधान ने इस कार्य के लिए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, सीडीओ जौनपुर, बीडीओ खुटहन, सेक्रेटरी विकास कुमार तथा खुटहन पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त होने से गांव में तनाव की स्थिति भी खत्म हुई है।







