Home जौनपुर भाजपा सरकार का बजट खोखला, किसानों, युवाओं और व्यापारियों के लिए कुछ...

भाजपा सरकार का बजट खोखला, किसानों, युवाओं और व्यापारियों के लिए कुछ नहीं: अखिलेश यादव

0
🔊 खबर सुनें

 

लखनऊ, 20 फरवरी 2025 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के नौवें बजट को पूरी तरह दिशाहीन और बिना विजन वाला बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में कोई रोडमैप नहीं है कि उत्तर प्रदेश को किस दिशा में ले जाना है। यह भाजपा के संकल्प पत्र से भी मेल नहीं खाता और किसानों, युवाओं, व्यापारियों के लिए कोई ठोस योजना नहीं दी गई है।

‘बजट एक बड़ा ढोल, अंदर से पूरी तरह खाली’

समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा, “यह बजट नहीं, बल्कि एक बड़ा ढोल है। आवाज तो बहुत है, लेकिन अंदर से पूरी तरह खाली है।” उन्होंने कहा कि इस बजट से –

  • किसानों की उम्मीदें ध्वस्त हो गई हैं।
  • महिलाओं की आर्थिक चिंताएं और बढ़ गई हैं।
  • बेरोजगार युवाओं के लिए कोई ठोस नीति नहीं है।
  • व्यापारियों और कारोबारियों को कोई राहत नहीं दी गई।
  • महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार का कोई ध्यान नहीं।

‘बजट देखकर जनता को सिर्फ निराशा मिली’

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा में भाजपा के विधायक और मंत्री मेजें तो बजा रहे थे, लेकिन उनके गले सूख गए, क्योंकि उन्हें अपने क्षेत्रों में जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने सवाल किया, “भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किसानों को मुफ्त बिजली, 25,000 करोड़ के एग्रो इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड, छात्रों को लैपटॉप देने और मंडियों को मजबूत करने का वादा किया था, लेकिन ये सब वादे कहां हैं?”

‘गन्ना किसानों को सिर्फ धोखा’

उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान और ब्याज समेत रकम दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार ने गन्ने का दाम नहीं बढ़ाया और बकाया रकम की कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, “डबल इंजन सरकार ने डबल ब्लंडर किया है।”

‘शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र पूरी तरह बर्बाद’

अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “यूपी में हजारों प्राथमिक स्कूल बंद हो गए। विश्वविद्यालयों को पर्याप्त बजट नहीं मिल रहा। भाजपा ने स्मार्ट सिटी बनाने की बात कही थी, लेकिन अब स्मार्ट क्लास पर आ गए हैं।”

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और कहा कि गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और एम्स में कैंसर का इलाज नहीं हो रहा, जबकि समाजवादी सरकार द्वारा बनाए गए कैंसर संस्थान, लखनऊ में ही मरीजों को जाना पड़ता है।

‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का भी कोई जिक्र नहीं’

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का दावा कर रही थी, लेकिन अब उसके बजट में इसका कोई जिक्र तक नहीं है। उन्होंने कहा, “सरकार की मौजूदा ग्रोथ रेट को देखते हुए यह लक्ष्य कभी हासिल नहीं हो सकता।”

समाजवादी पार्टी ने बजट को बताया ‘धोखा’

मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को सिर्फ झूठे वादों में उलझाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह निराशाजनक और जनता के साथ छलावा है। समाजवादी पार्टी ने इसे किसानों, बेरोजगारों और व्यापारियों के साथ धोखा बताया।

विज्ञापन
aawaz news india
aawaznews
aawaz news

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleउर्दू का विरोध करने वाले खुद उर्दू में बोल रहे हैं: अखिलेश यादव
Next articleसंगम के जल पर डबल इंजन सरकार में टकराव, यूपी और दिल्ली के आंकड़ों में बड़ा अंतर: अखिलेश यादव
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।