
बदायूं के सिविल लाइंस थाना इलाके में सोमवार देर रात एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई। जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहे चार दोस्तों की कार जिला पंचायत के बोर्ड से जा टकराई। इस हादसे में लेखपाल सहित तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। लेखपाल का उसी दिन जन्मदिन था।

तेज रफ्तार कार की जिला पंचायत बोर्ड से टक्कर के बाद तीन युवकों की जान चली गई, वहीं एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे बरेली रेफर किया गया। चारों युवक लेखपाल दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद कार से घर लौट रहे थे। यह हादसा सोमवार रात करीब एक बजे बाइपास पर एआरटीओ कार्यालय के नजदीक हुआ। तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कल्याण नगर मोहल्ले के निवासी हर्षित सक्सेना उर्फ राजा (23) पुत्र मुन्ना बाबू सक्सेना संभल के गुन्नौर में लेखपाल पद पर कार्यरत थे। सोमवार को उनका जन्मदिन था। वे अपने दोस्त दहेमी निवासी रुबल (22) पुत्र यशपाल सिंह, माल गोदाम रोड निवासी हर्षित गुप्ता (26) पुत्र मनोरंजन लाल गुप्ता और कल्याण नगर निवासी अंकित (24) पुत्र संजीव कुमार के साथ जन्मदिन मनाने एक रेस्टोरेंट गए थे।
एआरटीओ कार्यालय के पास हुआ भयानक हादसा
जन्मदिन पार्टी के बाद रात करीब एक बजे कार में सवार होकर चारों युवक उझानी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही कार एआरटीओ कार्यालय से गुजरी, वह अनियंत्रित होकर बाइपास पर लगे जिला पंचायत बोर्ड से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के टुकड़े-टुकड़े हो गए। चारों युवक सड़क पर खून से सने गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लेखपाल हर्षित सक्सेना, रुबल और हर्षित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्य रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
The post बदायूं में दर्दनाक हादसा: जन्मदिन मनाकर लौट रहे लेखपाल समेत तीन दोस्तों की कार जिला पंचायत बोर्ड से टकराई, मौत appeared first on Live Today | Hindi News Channel.