केरल के त्रिशूर जिले में एक खड़ी लॉरी से कार की टक्कर हो जाने के बाद उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, देर रात जब यह दुर्घटना हुई , तब लॉरी कैपामंगलम के पनाम्बिक्कुन्नू में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 66 पर खड़ी थी। उन्होंने बताया कि मरने वाले आठ लोग पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के रहने वाले हैं और माना जा रहा है कि वे छात्र थे। वे संभवतः गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रहे थे, तभी उनका वाहन लॉरी से टकरा गया। दुर्घटना के बाद पुलिस, दमकलकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अधिकारियों को अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
स्थानीय निवासियों, दमकलकर्मियों और पुलिस ने मिलकर बचाव अभियान संचालित किया और शवों को कार से बाहर निकाला। काईपमंगलम पुलिस ने लॉरी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद चालक लॉरी छोड़कर फरार हो गया। प्राथमिकी के अनुसार, निर्माण कार्य की वजह से वाहनों के मार्ग में परिवर्तन के लिए अवरोधक लगाए गए थे। लॉरी अवरोधक वाले हिस्से के पास सड़क के दाहिनी ओर अवैध रूप से खड़ी थी। पुलिस ने बताया कि कार की रफ्तार तेज थी और चालक अवरोधक को संभवत: देख नहीं पाया, जिससे कार लॉरी के पिछले हिस्से में जा घुसी।
The post केरल के त्रिशूर में एक कार के खड़ी लॉरी से टकराने से आठ इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई appeared first on Live Today | लाइव टुडे.





