Home राष्ट्रीय लेखकों, कलाकारों के बीच अरुंधति रॉय ने कहा- परिसीमन ‘हमेशा के लिए...

लेखकों, कलाकारों के बीच अरुंधति रॉय ने कहा- परिसीमन ‘हमेशा के लिए फासीवाद’ योजना, CJP की चेतावनी

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

बुकर पुरस्कार से सम्मानित लेखिका अरुंधति रॉय ने केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव पर तीखा हमला करते हुए इसे लोकतंत्र की कमर तोड़ने और ‘हमेशा के लिए फासीवाद’ स्थापित करने की लंबी योजना बताया है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक चुनावी गणित पेश करते हुए दावा किया कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से भाजपा बिना नए वोट हासिल किए भी ज्यादा सीटें जीत सकती है।अरुंधति रॉय ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित जवाहर भवन में आयोजित लेखकों, कलाकारों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं के राष्ट्रीय सम्मेलन में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि परिसीमन को केवल निर्वाचन क्षेत्रों और सांसदों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इसका वास्तविक उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा इस तरह बदलना है कि जाति, धर्म और समुदाय के आधार पर मौजूद विभाजनों को राजनीतिक रूप से मजबूत किया जा सके।रॉय ने कहा, “परिसीमन लोकतंत्र की कमर तोड़ देगा।” उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को यह विश्वास नहीं करना चाहिए कि यह विधेयक केवल महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा है। उनके अनुसार, महिला आरक्षण और परिसीमन को जिस तरह एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, उसके पीछे निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से निर्धारित करने की राजनीतिक योजना है।

‘लोकतांत्रिक फासीवाद’ स्थापित करने की कोशिश

अरुंधति रॉय ने मौजूदा राजनीतिक स्थिति को ‘लोकतांत्रिक फासीवाद’ बताते हुए कहा कि फासीवादी लोकतंत्र के अर्थ को ही खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में पहले किए गए परिसीमन का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों के नए नक्शे को देखकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए जा सकते हैं।रॉय ने जर्मनी के नाजी शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां फासीवादियों ने खुद को ‘राष्ट्रीय समाजवादी’ कहा था, लेकिन उनके शासन ने समाजवाद के अर्थ को ही नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत में भी परिसीमन के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को अपने पक्ष में मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने लेखकों और कलाकारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। रॉय ने कहा कि कुछ कलाकार और लेखक सरकार द्वारा आयोजित समारोहों में हिस्सा लेकर खुद को अपमानित कर रहे हैं। उनके मुताबिक, भारत दुनिया के सबसे असमान समाजों में से एक है, जहां कानून का शासन व्यक्ति की जाति, वर्ग, धर्म और जातीय पहचान के आधार पर प्रभावित होता है।

निगरानी तकनीक का इस्तेमाल युवा प्रदर्शनकारियों पर

अरुंधति रॉय ने सरकार पर इसराइल से निगरानी सॉफ्टवेयर खरीदने और उसका इस्तेमाल युवा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ करने का आरोप लगाया। उन्होंने ग़ज़ा में इसराइल की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सरकार ऐसे सॉफ्टवेयर आयात कर रही है, जिनका कथित तौर पर देश के भीतर गैरकानूनी इस्तेमाल किया जा रहा है।
रॉय ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन प्रदर्शनों के दौरान चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक (फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी) का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हजारों लोगों को ‘बार-बार अपराध करने वाला’ बताकर उनकी पहचान किए जाने को सामान्य बना दिया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि किसी व्यक्ति को बार-बार अपराध करने वाला किस आधार पर माना गया।उनके मुताबिक, सरकार जिस तरह की दमनकारी व्यवस्था तैयार कर रही है, वह बेहद गंभीर है। रॉय ने कहा कि परिसीमन विधेयक इस पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित और मजबूत करने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने इसे ‘हमेशा के लिए फासीवाद’ स्थापित करने की दीर्घकालिक योजना बताया।

नोटबंदी, जम्मू-कश्मीर और लॉकडाउन उदाहरण सामने है

अरुंधति रॉय ने परिसीमन को जनता पर अचानक हमला करने की सरकार की योजना बताते हुए इसकी तुलना 2016 की नोटबंदी, 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने और 2020 में चार घंटे के नोटिस पर देशव्यापी लॉकडाउन लागू करने से की। उन्होंने कहा कि सरकार को लगता है कि उसने पर्याप्त सांसदों को अपने पक्ष में कर लिया है और वह परिसीमन तथा महिला आरक्षण विधेयक पारित करा सकती है। रॉय के मुताबिक, यदि परिसीमन विधेयक संसद से पारित हो जाता है तो इसका लोकतंत्र पर वैसा ही असर होगा, जैसा नोटबंदी का भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा था।उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों की कमर तोड़ दी और उन्हें सरकारी सहायता पर निर्भर बना दिया। रॉय ने आरोप लगाया कि नोटबंदी और चुनावी बॉन्ड के जरिए भाजपा दुनिया की सबसे अमीर राजनीतिक पार्टी बन गई। उनके मुताबिक, पार्टी ने धन और प्रभाव का इस्तेमाल उन संस्थाओं पर कब्जा करने के लिए किया, जिन्हें लोकतंत्र में सत्ता पर नियंत्रण और संतुलन बनाए रखना चाहिए।

सम्मेलन में कई प्रमुख लेखक और कलाकार शामिल

जवाहर भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में कई प्रमुख लेखक, कवि, फिल्मकार और सांस्कृतिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें अशोक वाजपेयी, मृदुला गर्ग, एम.के. रैना, मल्लिका साराभाई, हुसैन हैदरी, काजी नील, नेहा सिंह राठौर, गौहर रजा, जॉय सेनगुप्ता, एन.एस. माधवन, गणेश देवी और खालिद जावेद शामिल थे। सम्मेलन में शामिल लोगों ने संविधान, लोकतंत्र और रचनात्मक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

अभिजीत दिपके ने कहा- बीजेपी को बिना नए वोट के मिल सकती है अतिरिक्त सीट

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए समझाया कि परिसीमन से बीजेपी को चुनावी लाभ कैसे मिल सकता है। उनकी पोस्ट का शीर्षक था-‘परिसीमन: भाजपा बिना नए वोट हासिल किए कैसे ज्यादा सीटें जीत सकती है।’
दिपके ने एक काल्पनिक निर्वाचन क्षेत्र का उदाहरण दिया, जिसमें कुल 1,000 मतदाता हैं। इस क्षेत्र में भाजपा को 400 वोट मिलते हैं, जबकि विपक्ष को 600 वोट हासिल होते हैं। मौजूदा व्यवस्था में विपक्ष 600 वोटों के साथ यह सीट जीत जाता है। लेकिन परिसीमन के बाद यदि इस निर्वाचन क्षेत्र को 500-500 मतदाताओं वाले दो हिस्सों में बांट दिया जाए, तो परिणाम बदल सकता है।इस गणित के अनुसार, परिसीमन के बाद बीजेपी एक सीट जीत जाएगी और विपक्ष भी एक सीट पर जीत हासिल करेगा। यानी कुल मतदाताओं की संख्या और उनके वोट देने का तरीका समान रहने के बावजूद भाजपा को उस क्षेत्र में एक ऐसी सीट मिल जाएगी, जहां पहले उसकी कोई सीट नहीं थी।दिपके ने कहा कि विपक्ष अपनी मौजूदा राजनीतिक जमीन बनाए रख सकता है, लेकिन उसे यह समझना चाहिए कि परिसीमन बीजेपी को नए क्षेत्रों में सीट जीतने का अवसर देगा। उनके मुताबिक, मतदाता वही रहेंगे और मतदान का पैटर्न भी वही रहेगा, लेकिन निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से चुनावी परिणाम बदल सकते हैं।उन्होंने दावा किया कि यही परिसीमन का वह चुनावी फायदा है, जो भविष्य में भाजपा को मिल सकता है।दिपके ने कहा कि विपक्ष अपनी मौजूदा राजनीतिक जमीन बनाए रख सकता है, लेकिन उसे यह समझना चाहिए कि परिसीमन भाजपा को नए क्षेत्रों में सीट जीतने का अवसर देगा। उनके मुताबिक, मतदाता वही रहेंगे और मतदान का पैटर्न भी वही रहेगा, लेकिन निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से चुनावी परिणाम बदल सकते हैं।  

CJP के अशुतोष रंका ने भी उठाए सवाल

कॉकरोच जनता पार्टी के अशुतोष रंका ने भी अभिजीत दीपके के तर्क का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन विधेयक पारित हो जाता है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूरे भारत की निर्वाचन सीमाओं को नए सिरे से निर्धारित करेंगे। रंका ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में निष्पक्ष परिसीमन कैसे सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने ‘निष्पक्ष परिसीमन’ के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पूरे देश की निर्वाचन सीमाएं एक ही चुनाव आयोग के नेतृत्व में दोबारा तय होंगी, तो इस प्रक्रिया की निष्पक्षता पर चर्चा जरूरी है। 

स्रोत: SatyaHindi – Latest

विज्ञापन
Aawaz
नीरज
आवाज न्यूज़

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleराहुल गांधी ने कहा- ‘लोकसभा की 850 सीटों की परिसीमन योजना राजनीतिक चाल, मोदी अवैध PM’
Next article20 फीट गहरी खाई में गिरा टैंकर, तेल रिसाव से मंडराया बड़े हादसे का खतरा
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here