✍️ पत्रकार नागेन्द्र माली
जौनपुर जिले के बारीगांव में रविवार की सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। प्रेमी से शादी करने की जिद में नेहा गौतम नाम की युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने टावर पर ही उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। युवती के सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर घटनाक्रम का स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, नेहा गौतम और अभिजीत गौतम दोनों कसेरवा बसेरवा गांव के निवासी हैं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि जब नेहा ने प्रेमी से शादी करने की बात कही तो वह पीछे हटने लगा। इससे नाराज होकर रविवार की सुबह करीब छह बजे नेहा मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने खुद ही 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को टावर पर चढ़ने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। उसकी मांग थी कि प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी।
इसके बाद पुलिस प्रेमी अभिजीत को खोजकर मौके पर ले आई। प्रेमी ने पहले युवती को समझाने का प्रयास किया और फिर खुद भी टावर पर कुछ ऊंचाई तक चढ़ा, लेकिन ऊंचाई देखकर घबराने लगा। काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा। आखिरकार करीब साढ़े चार घंटे बाद प्रेमी दोबारा टावर पर चढ़ा और युवती भी कुछ नीचे आई। इसी दौरान प्रेमी ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया।
प्रेमी के सिंदूर भरते ही युवती नीचे उतरने को तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद भीड़ तालियां बजाने लगी। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। बताया जाता है कि युवती महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। टावर पर चढ़कर शादी की जिद और फिर सिंदूर भरने के इस घटनाक्रम की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।





