Home आवाज़ न्यूज़ जौनपुर में मौसम का अलर्ट, 28 से 30 अक्टूबर तक आंधी, वज्रपात...

जौनपुर में मौसम का अलर्ट, 28 से 30 अक्टूबर तक आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की आशंका

0
🎧 खबर सुनें
सुनने के लिए ▶ दबाएँ

चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से सतर्क हुआ प्रशासन, किसानों को फसल सुरक्षित रखने और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

जौनपुर। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक केंद्र लखनऊ से जारी मौसम बुलेटिन के मद्देनजर जौनपुर में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा है।

प्रभारी अधिकारी, दैवी आपदा के अनुसार, राहत आयुक्त के निर्देश पर जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने की व्यवस्था की गई है। उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा पुलिस, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को सावधान करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया गया है।

फसल और अनाज सुरक्षित रखने की अपील

संभावित बारिश को देखते हुए कृषि विभाग को किसानों को तैयार फसलों की शीघ्र कटाई के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। पहले से काटकर रखी गई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित तथा ढके हुए स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी जाएगी। इसके लिए गांवों में मुनादी और अन्य स्थानीय माध्यमों से लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाई जाएंगी।

जर्जर मकानों में रहने वालों को सुरक्षित करने की तैयारी

प्रशासन ने ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में जर्जर एवं असुरक्षित मकानों तथा अन्य जोखिमपूर्ण ढांचों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे भवनों में रहने वाले लोगों को सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से सतर्क किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उन्हें राहत शिविरों या सुरक्षित भवनों में पहुंचाने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।

खराब मौसम में बरतें सावधानी

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। गरज-चमक और वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े न हों। लोगों को वज्रपात से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ दामिनी ऐप डाउनलोड करने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

नुकसान होने पर तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि किसी भी क्षेत्र में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति या फसल नुकसान की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। आपदा राहत नियमों के तहत प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने और निर्धारित प्रारूप में शासन तथा राहत आयुक्त कार्यालय को सूचना भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने सभी संबंधित अधिकारियों को राहत आयुक्त के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां पूरी करने और संभावित आपदा से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा है।

विज्ञापन
aawaz news india
aawaznews

📰 आवाज़ न्यूज़ को Google पर अपना पसंदीदा (Preferred) समाचार स्रोत बनाएं

एक क्लिक में जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं

Previous articleजौनपुर में 1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण
नीरज यादव स्वतंत्र आवाज़ न्यूज़ के संस्थापक , संपादक हैं । वह डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म आवाज़ न्यूज़ के लिए निष्पक्ष और जमीर वाली पत्रकारिता के सृजन में अपना सहयोग कर रहे हैं ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here