नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शरद शर्मा व हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक तिवारी ने दीं सेवाएं
बदलापुर (जौनपुर)। आशा जनसहयोग सेवा ट्रस्ट की ओर से रविवार को प्राथमिक विद्यालय उदपुर गेल्हवा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 430 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शरद शर्मा और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक तिवारी ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वेलनेस ट्रेनर अंजलि सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा। चिकित्सकों ने लोगों को आंखों और हड्डियों से संबंधित समस्याओं के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय से जांच कराने की सलाह दी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष नभगेश शुक्ला ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ट्रस्ट की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, वेलनेस ट्रेनर और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।












