उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रुला देने वाली घटना सामने आई है। जिस दिन माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और सलामती के लिए ‘जीवित्पुत्रिका व्रत’ (जिउतिया) रखती हैं, उसी दिन एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कसया इलाके के मां कोटेश्वरी नगर वार्ड नंबर-2 स्थित रिखई घाट पर स्नान के दौरान एक 9 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। इस हृदयविदारक हादसे की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और मासूम के घर में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्डवासी पिंटू कुशवाहा का 9 वर्षीय बेटा प्रिंस शाम करीब पांच बजे अपने साथी हिमेश के साथ रिखई घाट पर पहुंचा था। परिजनों को बिना बताए दोनों बच्चे अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां गए थे। घाट पर पहुंचने के बाद प्रिंस और हिमेश नदी में नहाने के लिए पानी में कूद गए। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संघर्ष करता देख वहां स्नान कर रही महिलाओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया। महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए मदद के लिए हाथ बढ़ाया और हिमेश को सुरक्षित नदी के किनारे खींच लिया, लेकिन प्रिंस तेज धार की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सहित तमाम अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। बच्चे की तलाश के लिए तत्काल स्थानीय गोताखोरों को काम पर लगाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की टीम को भी सूचना दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर व्यापक स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में बच्चे की तलाश कर रही है। हालांकि प्रिंस की डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन तलाश अभियान अभी जारी है। त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
The post कुशीनगर में दर्दनाक हादसा: जीवित्पुत्रिका व्रत के दिन नदी में डूबा 9 वर्षीय किशोर, साथी को महिलाओं ने बचाया appeared first on Live Today | लाइव टुडे.









