नागेंद्र माली ( वशिष्ठ पत्रकार) आवाज न्यूज़
सिंगरामऊ। क्षेत्र के सिंहावल गांव में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान आम का पेड़ गिरने से एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका की पहचान रिंकी निषाद (22 वर्ष) पुत्री सुरेश निषाद निवासी सिंहावल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आंधी शुरू होने के दौरान रिंकी आम बीनने के लिए गांव के पास स्थित एक आम के पेड़ के नीचे गई थी। इसी बीच तेज तूफान के कारण पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से वह उसके नीचे दब गई।
तूफान शांत होने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवती को पेड़ के नीचे दबा देख अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पेड़ की डालियां काटकर किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि रिंकी की शादी आगामी नवंबर माह में तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जौनपुर न्यूज़:चक्रवाती तूफान में पेड़ गिरने से युवती की मौत
🔊 खबर सुनें








