*Nagendra Mali (वशिष्ठ पत्रकार )आवाज न्यूज़**
बदलापुर खुर्द गांव निवासी गेना देवी पत्नी संजय कुमार सहित कई ग्रामीण महिलाओं ने बदलापुर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, करीब सात माह पहले सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के देहुड़ा गांव निवासी आनंद कुमार निषाद और 15 अज्ञात लोग गांव आए थे।
आरोप है कि उन्होंने ग्रामीणों को कंपनी में पैसा निवेश करने के लिए प्रेरित किया और हर महीने 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की आय का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर गेना देवी समेत लगभग दस ग्रामीणों ने धनराशि जमा कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि बाद में कंपनी से जुड़े लोग दोबारा गांव पहुंचे और प्रत्येक सदस्य से 16,700 रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।शिकायत में बताया गया है कि सोमवार, 15 जून को करीब 14-15 लोगों का एक समूह थाने के पास पहुंचा। बहस के दौरान मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। गेना देवी ने आरोप लगाया कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, गला दबाने का प्रयास किया गया, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ितों ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आनंद कुमार निषाद पुत्र फत्तेराम निवासी डेहुड़ा, सिंगरामऊ, और 14 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल मुआयना भी कराया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।






