
Aawaz News | प्रतापगढ़ / जौनपुर | 23 जून 2025
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जौनपुर के सरपतहां थाना क्षेत्र के लौंदा गांव निवासी आदित्य सिंह (20 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने मित्र के साथ मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहा था।
हैंडपंप से पानी भरने जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, आदित्य सिंह अपने दोस्त लाल बहादुर सोनी के साथ बाइक से मनगढ़ धाम गया था। रात करीब 10 बजे, लौटते समय मोहनगंज क्षेत्र में दोनों एक जगह पानी पीने के लिए रुके। जैसे ही आदित्य बाइक की डिग्गी से पानी की बोतल निकालकर सड़क पार कर हैंडपंप की ओर बढ़ा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि आदित्य दूर जाकर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक था परिवार का इकलौता सहारा
आदित्य सिंह अपने परिवार का इकलौता सहारा था। दो वर्ष पूर्व उसके बड़े भाई की बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। पिता की उम्र अधिक है और मां भी अस्वस्थ रहती हैं, जिससे घर की जिम्मेदारी आदित्य पर ही थी। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए
हादसे की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।