
जौनपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में सांसद एवं विधायक खेल महोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव 21 सितंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
विभिन्न खेलों का होगा आयोजन
महोत्सव में कम से कम आठ खेलों का आयोजन होगा, जिनमें एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो और बैडमिंटन शामिल हैं। प्रतियोगिताएं सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में पुरुष/बालक तथा महिला/बालिका दोनों वर्गों में कराई जाएंगी।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर
प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीकरण युवा साथी पोर्टल yuvasathi.in/sports-registration या sansadkhelmahotsav.in पर कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है।
विजेताओं को मिलेगा राज्य स्तरीय अवसर
खेल विभाग के अनुसार प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाली टीमें और व्यक्तिगत खेलों में प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन स्थल की सूचना बाद में
सांसद खेल महोत्सव का आयोजन संबंधित लोकसभा क्षेत्र में और विधायक खेल महोत्सव का आयोजन विधानसभा क्षेत्र में होगा। शेष खेलों के आयोजन स्थल की जानकारी खिलाड़ियों को समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
यह जानकारी जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह ने दी।