
जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक गंभीर दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहाँ दहेज में कार और नकदी न मिलने के कारण दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। इस घटना के संबंध में महिलाओं समेत 6 नामजद व 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शंभूगंज निवासी ने दर्ज कराई एफआईआर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभूगंज (बक्सा थाना क्षेत्र) निवासी शलीम अहमद पुत्र स्वर्गीय शेख बनारसी ने अपनी पुत्री का विवाह वाराणसी जनपद के कोदई चौकी क्षेत्र, मकान संख्या C.K.-26 पत्थर वाली गली निवासी कबीर पुत्र अब्दुल मजीद से तय किया था। शादी के लिए ₹3,00,000 नकद, सोने की चेन और ₹25,000 मूल्य के कपड़े दिए गए थे।
तय तारीख को नहीं आई बारात
शादी की तारीख 21 जून को निर्धारित की गई थी। बारात के स्वागत के लिए वी-मार्ट के पास स्थित अकबर पैलेस मैरिज हाल में 300 लोगों के लिए भोजन समेत अन्य तैयारियाँ की गई थीं। रात 11 बजे दूल्हे की मां, बहन और भाभी पहुंचीं और बताया कि बारात पीछे आ रही है। लेकिन रात्रि 3 बजे तक बारात नहीं पहुंची।
जब बारात की वास्तविक स्थिति के बारे में पूछा गया तो दूल्हे की मां ने बताया कि लड़का दहेज में ‘क्रेटा गाड़ी’ और नकदी की मांग कर रहा है, जिस कारण वह बारात लेकर नहीं आया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने छह नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।