
खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम मोजीपुर पोस्ट अंगुली में मंगलवार को एक भैंस की जहरीले जंतु के काटने से मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया और पशु मालिक के अनुसार भैंस की कीमत लगभग 1 लाख के ऊपर का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोजीपुर निवासी राम आसरे पाल पुत्र राम सुमेर पाल रोज की तरह अपनी भैंस को चराने के लिए विरवन बाबा स्थान पर ले गए थे। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने भैंस को काट लिया। कुछ ही देर में भैंस की हालत बिगड़ने लगी और तड़प-तड़प कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंचे राजकीय पशु चिकित्सालय खुटहन के डॉक्टर चंद्रभान भारशिव ने मौके पर पहुंचकर भैंस का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि किसी विषैले जंतु के डंसने से ही भैंस की मौत हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्राम प्रधान जड़ावती यादव, लेखपाल अशोक यादव, राजदेव पाल, राम बरन , बबलू बिंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना पर दुख जताया।
पशुपालक राम आसरे पाल ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों ने भी सरकार से पशु मालिक को मुआवजा देने की अपील की है।