
जौनपुर। जनपद में रविवार की रात और सोमवार की सुबह दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पारिवारिक विवाद के चलते दो लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुजानगंज में युवक ने की आत्महत्या
सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर ग्रामसभा निवासी आशीष पटेल (25 वर्ष) पुत्र अशोक पटेल ने रविवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार पिता-पुत्र दोनों शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस के दौरान धक्का-मुक्की में पिता अशोक के सिर में चोट लग गई। इलाज कराने के लिए वे डॉक्टर के पास चले गए, इसी दौरान आशीष ने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया और पंखे से पाइप के सहारे फांसी लगा ली।
परिवारजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आशीष की मौत हो चुकी थी। मृतक की मां का निधन पहले ही हो चुका है। तीन भाइयों में वह मंझला था और अभी अविवाहित था। घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष सुजानगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
मुंगराबादशाहपुर में विवाहिता ने मायके में लगाई फांसी
दूसरी घटना मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरायकाशी गांव की है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते रुचि मिश्रा (25 वर्ष) पत्नी अतुल कुमार ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि उसके पिता कुंज बिहारी मिश्रा धार्मिक कार्य से बिहार के गया जी गए हुए थे।
रुचि बीती रात मायके में ही रह रही थी। उसने कमरे में पंखे के सहारे चादर से फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों ने देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। उस समय घर पर मृतका की भाभी मौजूद थी। करीब दो वर्ष पूर्व रुचि की शादी प्रतापगढ़ जिले में हुई थी।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक केके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।