
खुटहन जौनपुर
ग्राम विकास इंटर कॉलेज खुटहन के मैदान में रविवार को पूज्य गुरुदेव जय गुरुदेव के उत्तराधिकारी पंकज महाराज ने विशाल सत्संग कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अनुयायियों को मानव जीवन के कल्याण हेतु सद्कर्म करने, सत्य वचन बोलने, मांसाहार और व्यभिचार से दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन का सच्चा उद्धार केवल नाम जाप और सच्चे कर्मों से ही संभव है।
पंकज महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में इंसान अपनी गलत आदतों और भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागते-भागते जीवन के वास्तविक उद्देश्य से भटक रहा है। ऐसे में नाम स्मरण और सद्कर्म ही आत्मिक शांति और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
सत्संग में हजारों की संख्या में जय गुरुदेव के अनुयायी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रवचन के दौरान पूरा मैदान भक्तिमय माहौल से गुंजायमान हो उठा।
इससे पूर्व पंकज महाराज ने खुटहन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर अनुयायियों के घरों पर आशीर्वचन दिए और उन्हें सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।