Home आवाज़ न्यूज़ हाथरस: 35 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय प्रेमी ने की मासूम बच्ची...

हाथरस: 35 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय प्रेमी ने की मासूम बच्ची की हत्या, आपत्तिजनक स्थिति देखने पर किया ये

0

हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के मऊ चिरायल गांव में छह वर्षीय अनव्या उर्फ उर्वी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक 35 वर्षीय महिला और उसके 17 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके डर से उन्होंने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि महिला का गांव के ही नाबालिग लड़के के साथ पिछले तीन महीनों से प्रेम संबंध था। तीन सितंबर को महिला के पति और सास मथुरा गए थे, जबकि ससुर गांव में घूमने निकले थे। इस दौरान महिला ने अपने प्रेमी को घर बुलाया। अनव्या ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया और अपने पिता को बताने की बात कही। डर से महिला और नाबालिग ने बच्ची का गला अंगोछे से दबाकर हत्या कर दी।

इसके बाद शव को धान के खाली बोरे में बंद कर घर से लगभग 25 मीटर दूर एक कुएं में फेंक दिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बच्ची ने आत्मरक्षा में महिला के हाथ पर काट लिया था, जिसके निशान पुलिस ने देखकर घटना की पुष्टि की।

घटना उस समय हुई जब मंगलवार रात को अनव्या के परिवार ने बेटे के जन्म की खुशी में जाहरवीर गोगा की जोत का आयोजन किया था। श्रीकृष्ण की चार बेटियां—अर्चना (12), नंदिनी (9), मनु (10) और अनव्या (6)—के साथ छह महीने पहले बेटे तासिप का जन्म हुआ था। इस खुशी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में रिश्तेदार जुटे थे।

बुधवार सुबह नौ बजे तक अनव्या घर में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, लेकिन रिश्तेदारों को विदा करने के दौरान वह अचानक गायब हो गई। दोपहर एक बजे कुएं में बोरी में बंद उसका शव मिला।

श्रीकृष्ण ने अपने बड़े भाई की पत्नी पर हत्या का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में उनकी कोई भूमिका नहीं पाई गई। घटना की सूचना पर एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार और क्षेत्राधिकारी जैनेंद्र कुमार अस्थाना मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और एसओजी टीम ने साक्ष्य जुटाए और जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

परिजनों का कहना है कि 24 घंटे पहले तक घर में खुशी का माहौल था, लेकिन अनव्या की हत्या ने सब कुछ बदल दिया। वे बार-बार यही सवाल उठा रहे हैं कि उनकी मासूम बच्ची ने किसी का क्या बिगाड़ा था।

The post हाथरस: 35 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय प्रेमी ने की मासूम बच्ची की हत्या, आपत्तिजनक स्थिति देखने पर किया ये appeared first on Live Today | Hindi News Channel.

Previous articleप्रयागराज: नैनी में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, दो लड़कियों और दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा