
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी है। एक युवक ने मामूली विवाद को लेकर एक महिला पर धारदार कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम धौंराडांड निवासी कृष्णा राऊत ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई की शाम करीब 4 बजे उनकी पत्नी रेखा राऊत घर लौट रही थीं। तभी गांव के ही लोकेश्वर यादव (21) ने धारदार कुल्हाड़ी से रेखा पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में रेखा का गला, नाक और दाहिना जबड़ा बुरी तरह कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान चली गई। घटना के बाद आरोपी कुल्हाड़ी को मौके पर फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
बेटी से छेड़छाड़ बना हत्या का कारण
कृष्णा राऊत ने बताया कि 20 दिन पहले रथ देखने के दौरान लोकेश्वर ने उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकत की थी। उस समय रेखा ने लोकेश्वर को डांट-फटकार लगाई थी। दोनों परिवारों के बीच सुलह हो गई थी और लोकेश्वर के पिता ने माफी मांगी थी। लेकिन लोकेश्वर इस बात को लेकर मन में रंजिश रखे हुए था। मौका मिलते ही उसने रेखा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
लैलूंगा पुलिस ने कृष्णा की शिकायत पर लोकेश्वर यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है।
The post रायगढ़ में दिल दहलाने वाली वारदात: बेटी से छेड़छाड़ की फटकार पर युवक ने की महिला की कुल्हाड़ी से हत्या appeared first on Live Today | Hindi News Channel.