उत्तर प्रदेश में बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक चली तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा में पेड़ गिरने, दीवार ढहने और बिजली गिरने की घटनाओं में 51 लोगों की जान चली गई। बिजली के खंभे टूटने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे और मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। आगरा, अलीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी 50 से 80 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं दर्ज की गईं, जिससे कई स्थानों पर टिन की छतें और छप्पर उड़ गए।
लखनऊ और अवध के 12 जिलों में बुधवार देर रात आंधी के साथ तेज बारिश हुई। अंबेडकरनगर के कुसुमखोर गांव में बिजली गिरने से अजय सिंह उर्फ गुड्डू (48) की मौत हो गई। अमेठी के मैंझार गांव में दीवार गिरने से सीतापति (59) और अयोध्या के रुदौली में सूर्यकला (55) की जान चली गई। ब्रज क्षेत्र में 17 लोगों की मौत हुई, जिनमें आगरा में तीन, कासगंज में चार महिलाओं सहित छह, एटा में पांच, फिरोजाबाद में दो महिलाएं और टूंडला में एक बच्चे की मौत शामिल है। बदायूं के बिल्सी में दीवार के मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। मुरादाबाद में आंधी के दौरान छत से गिरकर एक महिला की जान चली गई।
कानपुर, बुंदेलखंड और आसपास के जिलों में 22 लोगों की मौत हुई। फतेहपुर में पांच, औरैया में चार, कानपुर और कन्नौज में तीन-तीन, इटावा और कानपुर देहात में दो-दो, झांसी में दो और चित्रकूट में एक व्यक्ति की मौत हुई। आजमगढ़ के अतरौलिया में बिजली गिरने से एक युवक, हाथरस में एक युवक और अलीगढ़ में एक वृद्धा की मौत हो गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक और बागपत में दो लोगों की जान चली गई।
आज भी बारिश की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 65 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना है। अरब सागर में बने कम दबाव क्षेत्र के उत्तर की ओर बढ़ने से शनिवार से बारिश की तीव्रता और प्रभाव क्षेत्र में वृद्धि होगी। इससे बूंदाबांदी के साथ तापमान में कमी आएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
सीएम के राहत कार्य के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का सर्वे करें और राहत कार्यों पर नजर रखें। जनहानि और पशुहानि के मामलों में प्रभावितों को तुरंत राहत राशि वितरित की जाए। घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, फसलों के नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
The post यूपी में आंधी-बारिश से भारी तबाही: 51 की मौत, बिजली आपूर्ति ठप, सीएम ने दिए राहत के निर्देश appeared first on Live Today | Hindi News Channel.