जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशांक शांडिल कई दिनों से अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मरीजों का उपचार और आवश्यक जांच आभा आईडी के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित विवरण एबीडीएम और यूडीएसपी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच कराने पर भी जोर दिया।
औषधि भंडार की जांच में 165 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को दवाओं की मांग और आपूर्ति से संबंधित विवरण डीवीडीएमएस पोर्टल पर नियमानुसार दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपलब्ध दवाओं को तत्काल ड्रग वेयरहाउस से प्राप्त कर मरीजों को उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एआरवी और एएसवी भी उपलब्ध मिलीं।
टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी के 20 और एमडीआर-टीबी के 13 मरीज उपचाराधीन पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, मरीजों को नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार जारी रखने और मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उपचार और जांच में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।











