17 नमूने लिए गए, पांच विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस; खाद की किल्लत या अनियमितता की शिकायत के लिए जारी हुआ कंट्रोल रूम नंबर
जौनपुर। रबी फसलों की बुवाई के मौसम में किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराने और बिक्री व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए जिला प्रशासन ने खाद की दुकानों का निरीक्षण कराया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की सभी तहसीलों में निजी दुकानों, सहकारी समितियों, पीसीएफ और इफको सहित विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान कुल 31 प्रतिष्ठानों की जांच हुई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरकों की बिक्री और उपलब्धता से जुड़े अभिलेखों की जांच की। इस दौरान उर्वरकों के 17 नमूने लिए गए। वहीं, अनियमितताएं मिलने पर पांच उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि दो उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम एवं द्वितीय, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता की ओर से यह अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य रबी की बुवाई के दौरान किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराना और बिक्री केंद्रों पर निगरानी बनाए रखना है।
किसान पीओएस मशीन से ही खरीदें खाद
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी अधिकृत बिक्री केंद्र से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाकर अपनी जोत बही के अनुसार संस्तुत मात्रा में यूरिया खरीदें। किसानों को उर्वरक खरीदते समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी गई है।
खाद मिलने में परेशानी हो तो यहां करें शिकायत
उर्वरक प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए दूरभाष नंबर 8419021250 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।











