जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के रामनगर गागरिया गांव में सर्पदंश से एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि रामनगर गागरिया गांव निवासी पन्नालाल बिंद (60) बुधवार रात करीब 12 बजे चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। सर्पदंश के बाद पन्नालाल ने घबराकर शोर मचाया, जिसके बाद परिजन जाग गए।
परिजन आनन-फानन में पन्नालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर लेकर पहुंचे। वहां उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पन्नालाल को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




