उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में भूमि विवाद को सुलझाने गई पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की कार्रवाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गिलौला थाना क्षेत्र के सिसवारा गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन के झगड़े को शांत कराने गई पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं और एक युवक को हिरासत में लिया था। थाने ले जाते समय पुलिस के वाहन से गिरकर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस प्रशासन का दावा है कि हिरासत में लिए गए युवक ने खुद ही चलती गाड़ी से अचानक छलांग लगा दी थी।
जानकारी के अनुसार, सिसवारा गांव के इस भूमि विवाद की शिकायत हाल ही में समाधान दिवस के अवसर पर एसडीएम से की गई थी। इसी मामले का निस्तारण करने के लिए मंगलवार रात नायब तहसीलदार आयुष और गिलौला थाना प्रभारी आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस व राजस्व की एक संयुक्त टीम गांव पहुंची थी।
मौके पर विवाद और हंगामा कर रही पांच महिलाओं और मदारपुरवा निवासी कमलेश नामक युवक को पुलिस ने अपनी गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में कमलेश वाहन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संवेदनशील और गंभीर घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और एएसपी चंद्रकेश सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई। जिलाधिकारी ने इस पूरे मामले में प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही बरतने के आरोप में इलाके के राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) और लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही दोनों कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है तथा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है।
The post श्रावस्ती में भूमि विवाद: पुलिस वाहन से गिरकर हिरासत में लिए गए युवक की मौत, लेखपाल और राजस्व निरीक्षक निलंबित appeared first on Live Today | लाइव टुडे.




