Home आवाज़ न्यूज़ यूपी में मोंथा चक्रवात का असर: लखनऊ समेत कई जिलों में देर...

यूपी में मोंथा चक्रवात का असर: लखनऊ समेत कई जिलों में देर रात से बारिश, पारा छह डिग्री लुढ़का; आज भारी बरसात की चेतावनी

0

उत्तर प्रदेश के मौसम ने चक्रवात मोंथा के प्रभाव से अचानक यू-टर्न ले लिया है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सोमवार देर रात से बारिश जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उत्तर प्रदेश मौसमी उथल-पुथल और बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात मोंथा के असर में बीत रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अरब सागर से आने वाली नमी और बंगाल की खाड़ी के मौसमी तंत्र के कारण बादलों की गतिविधि बढ़ गई है। इससे अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। लखनऊ सहित पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अन्य क्षेत्रों में देर रात से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है।

सोमवार को प्रदेश के अधिकांश भागों में बादल छाए रहे, तापमान में गिरावट आई और बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर जैसे जिलों में बूंदाबांदी हुई। शाम तक बांदा में सबसे अधिक 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम के इस बदलाव से किसान चिंतित हैं, जिन्होंने धान की फसल की कटाई तेज कर दी है। उन्हें आशंका है कि खेतों में खड़ी फसल पर पानी गिरने से नुकसान हो सकता है।

चक्रवात मोंथा का प्रभाव 29 से 31 अक्टूबर तक रहेगा। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित गहन अवदाब तेजी से प्रबल होकर गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में बदल रहा है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के आसपास 28 अक्टूबर की शाम या रात को प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है। मोंथा का सबसे अधिक प्रभाव उत्तर प्रदेश और बिहार में दिखेगा। 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार से सटे पूर्वांचल के जिलों, बुंदेलखंड क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से 30 अक्टूबर को वाराणसी और आसपास के इलाकों में भारी वर्षा का अनुमान है।

राजधानी लखनऊ में रविवार रात से मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली। सोमवार सुबह हल्के कोहरे और बादलों के बीच दिन की शुरुआत हुई, जबकि दोपहर में अधिकतर इलाकों में बूंदाबांदी जारी रही। दिनभर छाई बदली और फुहारों से अधिकतम तापमान में महज 24 घंटों में छह डिग्री की गिरावट आ गई, जो 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हवा में ठंडक घुल गई, शाम होते ही लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। सुबह से ही लोग ऊनी वस्त्रों में नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी बूंदाबांदी के साथ तापमान में और कमी आ सकती है।

मौसम में यह बदलाव अगले दो दिनों तक बना रहेगा। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाले मौसमी तंत्रों के संयुक्त प्रभाव से लखनऊ का मौसम प्रभावित हुआ है। हालांकि, सोमवार को दर्ज गिरावट दो दिनों तक ही रहेगी। उसके बाद मौसम सामान्य होने लगेगा और तापमान में फिर से वृद्धि हो सकती है, जिससे यू-टर्न वाली स्थिति लौट आएगी।

The post यूपी में मोंथा चक्रवात का असर: लखनऊ समेत कई जिलों में देर रात से बारिश, पारा छह डिग्री लुढ़का; आज भारी बरसात की चेतावनी appeared first on Live Today | Hindi News Channel.

Previous articleJaunpur News खुटहन पुलिस ने तमंचा व कारतूस के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार
Next articleयूपी: मुरादाबाद में पत्नी ने ब्लेड से काटा पति का गुप्तांग, बेटे-बहू संग मिलकर की पिटाई; कराया गया भर्ती