
चंदवक (जौनपुर)। चंदवक थाना पुलिस ने सोमवार को दहेज हत्या के गंभीर मामले में वांछित चल रहे एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों को न्यायालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने 29 जुलाई को चंदवक थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना के चलते उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में मु.अ.सं. 240/2025, धारा 85/80 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम (DP Act) के तहत नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। नामजद आरोपियों में ससुर बासू राजभर, सास मीता देवी, जेठ दिनेश राजभर, जेठानी रीना, देवर मुक्कू उर्फ उमेश और पति गनेश राजभर शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मड़ार, थाना चंदवक, जनपद जौनपुर के निवासी हैं।
पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पुलिस टीम ने चंदवक-गाजीपुर मुख्य मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जब वे फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में पुवासू राजभर पुत्र वैजू राजभर, उसकी पत्नी मिन्ता देवी और पुत्र गनेश राजभर शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नमोनारायण तिवारी, संजय चौबे, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, सुनील यादव और महिला कांस्टेबल अन्तिम शर्मा शामिल रहीं।
चंदवक पुलिस की तत्परता से हुई इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। फिलहाल, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
📌 सम्बंधित खबरें और ताज़ा अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए आवाज़ न्यूज़ के साथ।