✍️ Nagendra Mali
*जौनपुर।* आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बारिश के दौरान संभावित समस्याओं से निपटने के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने, विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों और बिजली के खंभों पर डेंजर बोर्ड लगाने तथा मानसून से पूर्व सभी सुरक्षा इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निकायों को जलभराव रोकने के लिए पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, मेनहोल ढकवाने, नालों-नालियों की नियमित सफाई कराने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और पेंटिंग कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अतिक्रमण हटाकर सड़कों की पटरियों को खाली कराने तथा अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









