
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटा की एक महिला को फर्जी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में जेल भेजा है। महिला का साथी फरार है, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

महिला ने अप्रैल 2024 में योगेंद्र सिंह के खिलाफ सिकंदरा थाने में जहरखुरानी, जानलेवा धमकी, सामूहिक दुष्कर्म और रंगदारी का केस दर्ज कराया था। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले के अनुसार, जांच में महिला के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद केस में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई। इसके बाद योगेंद्र के परिवार के यदुवेंद्र सिंह ने महिला और उसके दोस्त नितिन उर्फ पंकज उपाध्याय के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कराया।
यदुवेंद्र के अनुसार, योगेंद्र 2021 में एटा में बीटीसी कर रहा था और एक मकान में किराये पर रहता था, जहां महिला भी रहती थी। महिला अक्सर योगेंद्र से मदद के नाम पर पैसे लेती थी और बाद में लाखों रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर उसने जेल भिजवाने की धमकी दी। महिला के साथी नितिन ने भी दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर दोनों को आरोपी बनाया और गैर जमानती वारंट जारी किए। सोमवार को महिला को सिकंदरा के बजरंग नगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसके साथी की तलाश जारी है।
पहले भी कई लोगों को फंसाया
पुलिस जांच में पता चला कि महिला ने पहले भी एटा में कई लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के फर्जी केस दर्ज कराए हैं। इन साक्ष्यों को पुलिस ने मामले में शामिल किया है। आगरा में पहले भी दुष्कर्म के फर्जी आरोप लगाकर युवकों को फंसाने के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई की थी।
The post महिला ने फर्जी दुष्कर्म केस दर्ज कर मांगी रंगदारी, भेजी गई जेल; पहले भी कई लोगों को फंसाया appeared first on Live Today | Hindi News Channel.